लोकप्रिय टीवी शो अनुपमा की अभिनेत्री रूपाली ने किए बांकेबिहारी के दर्शन, अनिरुद्धाचार्य से की मुलाकात

 




मथुरा, 06 दिसम्बर(हि.स.)। लोकप्रिय टीवी शो अनुपमा से घर-घर में पहचान बना चुकीं अभिनेत्री रूपाली गांगुली शनिवार बांकेबिहारी मंदिर पहुंचीं। जहां उन्होंने परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर बांके बिहारी महाराज के दर्शन किए। मंदिर में दर्शन के दौरान रूपाली गांगुली ने बिहारी जी के चरण पादुका की सेवा की और मांगी देश-प्रदेश के लिए मंगलकामनाएं। मंदिर के सेवायत मोहित गोस्वामी ने उनका परंपरागत तरीके से दुपट्टा और माल प्रसाद देकर स्वागत किया।

रूपाली ने मंदिर प्रबंधन और सेवायतों का आभार जताया और जल्द ही दोबारा वृंदावन आने की इच्छा व्यक्त की। साथ ही अनिरुद्धाचार्य महाराज से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्हें बेहद खुश और उत्साहित देखा गया। साथ ही उन्होंने आध्यात्मिक और सेवा कार्यों में भाग लिया।

बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के बाद मंदिर के गोस्वामियों द्वारा रूपा गांगुली और उनके परिवार को सम्मानपूर्वक दुपट्टा और प्रसादी भेंट किया गया। उन्होंने इस दौरान भगवान के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। बांके बिहारी के दर्शन के बाद, रूपा गांगुली गौरी गोपाल आश्रम पहुंचीं। यहां उन्होंने आश्रम के संस्थापक अनिरुद्धाचार्य महाराज से मुलाकात की और आश्रम में किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी ली। साथ ही महाराज ने उन्हें पुस्तक समेत अन्य चीजें भेंट स्वरूप दीं। रूपा गांगुली ने आश्रम में निवास कर रही बृद्ध माताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने माताओं के साथ समय बिताया और स्वयं उनके बीच भोजन का वितरण भी किया। इस दौरान माताओं के साथ संवाद करते हुए रूपा गांगुली काफी भावुक नजर आईं। वहीं आश्रम की वृद्ध माताओं ने अनिरुद्धाचार्य महाराज और रूपा गांगुली को गले लगाकर दुलार भी किया। इसके बाद दोनों ने सभी वृद्ध महिलाओं से मुलाकात भी की, जहां उन्हें आशीर्वाद भी मिला। माताओं से मुलाकात और आश्रम के माहौल को देखकर रूपा गांगुली ने गौरी गोपाल आश्रम द्वारा चलाई जा रही सेवा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर आकर हृदय को शांति और प्रेरणा मिलती है।

रूपा गांगुली का राजनीतिक करियर

गौरतलब है कि ’अनुपमा’ फेम रूपाली गांगुली ने मई 2024 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर अपना राजनीतिक करियर शुरू किया है। शनिवार को जब वह यहां पहुंची तो पहले प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ बिहारी जी के चरण पादुका की सेवा की। मंदिर के सेवायत मोहित गोस्वामी ने अभिनेत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया, उन्हें सम्मान स्वरूप दुपट्टा और माल प्रसाद भेंट किया गया। रूपाली गांगुली ने मंदिर प्रबंधन और सेवायतों का आभार व्यक्त करते हुए जल्द ही दोबारा वृंदावन आने की इच्छा व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार