यूपीपीएससी परिणाम में डीडीयू के छात्रों ने बढ़ाया मान, एक का डिप्टी कलेक्टर ताे दूसरे का डिप्टी जेलर पद पर हुआ चयन

 




गोरखपुर, 30 मार्च (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्रों ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। ताज़ा परिणाम में भूगोल विभाग की शोध छात्रा पूजा तिवारी का चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है। वहीं, प्राचीन इतिहास विभाग के पुष्पराज मिश्रा का चयन डिप्टी जेलर पद पर हुआ है। वर्ष 2019-20 बैच के शोधार्थी पुष्पराज मिश्रा वर्तमान में प्राचीन इतिहास विभाग में प्रो. राजवंत राव के निर्देशन में शोध कार्य कर रहे हैं।

प्रतिभाशाली छात्रों की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से विश्वविद्यालय के विभागों में खुशी और उत्साह का माहौल है। यह सफलता न केवल छात्रों की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण को भी दर्शाती है।

कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, हमारे छात्रों की यह उपलब्धि अत्यंत प्रेरणादायक है। यह दर्शाता है कि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रतिभा और परिश्रम को सही दिशा मिल रही है। हमें विश्वास है कि ये सभी छात्र अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विश्वविद्यालय परिवार को इन पर गर्व है।

विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. शांतनु रस्तोगी, डीएसडब्ल्यू प्रो. अनुभूति दुबे, प्रो. राजवंत राव, प्रो. शिवाकांत सिंह समेत अनेक शिक्षकों ने सफल अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

प्राचीन इतिहास विभाग के कौस्तुभ मणि त्रिपाठी बने असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्राचीन इतिहास विभाग के शोधार्थी कौस्तुभ मणि त्रिपाठी का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती के अंतर्गत असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) पद पर हुआ है। वे संत कबीर नगर जिले के निवासी हैं और वर्तमान में प्राचीन इतिहास विभाग में प्रो. राजवंत राव के निर्देशन में शोध कार्य कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय