तालाब में डूबने से महिला समेत दो की मौत

 


बांदा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बाइक की धुलाई करने गया युवक पैर फिसल जाने से गहरे पानी में समाकर डूब गया उसकी मौत हो गई। वहीं तालाब में नहाते समय महिला गहरे पानी में डूब गई। जिससे उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिसंडा थाना क्षेत्र के अलिहा गांव निवासी शिवरतन ने बताया कि उसका 20 वर्षीय पुत्र नरेश रविवार की दोपहर गांव के तालाब बाइक की धुलाई करने गया था। बाइक धोने के बाद वह तालाब में नहाने लगा। इसी बीच वह गहरे पानी में समा कर डूब गया। जब काफी देर बाद पानी से बाहर नही निकला तो आसपास नहा रहे लोगों ने घरवालों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। जीवित होने की आशंका पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने बताया कि जेसीबी से तालाब में गहरा गड्ढा किया गया था। उसी गड्डे में नरेश डूब गया। मृतक तीन भाईयो में बड़ा था।

दूसरी घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के इटरा मिलौली गांव निवासी शिवविजय ने बताया कि रविवार की सुबह उसकी 44वर्षीय पत्नी सुधा पूर्णिमा के व्रत के लिए घर के समीप तालाब नहाने गई थी। नहाते समय पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में समा गई। वहीं से गुजर रही एक महिला ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी खोजबीन किया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। जीवित होने की आशंका पर उसे पीएचसी बिसंडा में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे दो बेटी छोड़ गई है। क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री प्रतिज्ञा सिंह के मुताबिक शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह