मुरादाबाद में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शुरू की जांच

 


- अभी एक टीम आई हैं, आवश्यकता पड़ने पर टीमों की संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती : क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी

मुरादाबाद, 28 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद में प्रदूषण को लेकर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सोमवार से जांच शुरू कर दी है। इसके लिए मुरादाबाद जनपद के 47 स्थानों पर जांच की जाएगी संबंधित अधिकारियों का कहना है कि टीम एक महीने तक जांच करेगी। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डीके गुप्ता का कहना है कि अभी एक टीम आई हैं, आवश्यकता पड़ने पर टीमों की संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती है।क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डीके गुप्ता ने आगे बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से अलग-अलग जनपदों में प्रदूषण की जांच करवाई की जा रही है। यह जांच बोर्ड की ओर से नामित थर्ड पार्टी टीमों द्वारा की जाती है। इसके लिए वर्तमान में मुरादाबाद का चयन किया गया है। प्रदूषण बोर्ड के निर्देश पर आई टीम द्वारा मुरादाबाद में प्लेटिंग यूनिट, पेपर मिल, डिस्टलरी और डेयरी की जांच की जाएगी। संबंधित अधिकारियों का कहना है की टीम द्वारा यह देखा जाएगा कि इन यूनिट की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। इसके लिए वह इन स्थानों से सैंपल एकत्रित करेंगे फिर जांच की रिपोर्ट तैयार की जाएगी और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सौंपी जाएगी। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल