बिहार व पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत से अखिलेश यादव के माथे की शिकन बढ़ी: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 15 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की करारी शिकस्त तथा भाजपा की ऐतिहासिक जीत ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के माथे की शिकन बढ़ा दी है। वे इतने निराश व हताश हैं कि उत्तर प्रदेश में उन्हें अपनी ‘जेबी’ सपा का भविष्य ‘धूमिल’ नजर आने लगा है। इसी अवसाद के कारण वे गैर-जिम्मेदाराना राग अलाप कर धमकी के मोड में आ जाते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत के मूल में लोकतंत्र है। यहां चुनाव किसी दल की इच्छा से नहीं, बल्कि संविधान के अनुसार हर पांच साल में होते हैं। जनता ही अंतिम निर्णायक है। 2047 के विकसित भारत के संकल्प के साथ भाजपा का कमल लगातार खिलता रहेगा, जबकि नकारात्मकता और हताशा की राजनीति सपा को और कमजोर करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन