वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस का विशेष संवाद अभियान

 




देवरिया, 20 जून (हि.स.)।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में शनिवार को जनपद के सभी थानों पर गठित कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों से संवाद स्थापित किया गया। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और उनसे संपर्क बनाए रखने के लिए मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वरिष्ठ नागरिकों के घरों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। पुलिस ने उन्हें किसी भी आपात स्थिति, सामाजिक समस्या, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी या अन्य परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस टीमों ने बुजुर्गों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही हेल्पलाइन सेवाओं, आपातकालीन सहायता नंबरों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही यथासंभव निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस के इस प्रयास को वरिष्ठ नागरिकों ने सराहा और इसे सुरक्षा एवं विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक