मिशन शक्ति 6.0 के तहत साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही पुलिस, जन-जागरूकता वैन रवाना
जौनपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत विशेष पहल की है। गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार से मोबाइल प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता वैन को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि जागरूकता वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताएगी। अभियान का विशेष जोर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी देने पर रहेगा।
उन्होंने बताया कि डिजिटल लेन-देन के बढ़ते चलन के बीच साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदेश और संदिग्ध लिंक के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को ऐसे तरीकों की पहचान करने, अनजान लिंक से बचने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में एसडीएम सदर योगिता सिंह, शाहगंज के क्षेत्राधिकारी और नगर क्षेत्राधिकारी सम्यक चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव