देवरिया : थाना समाधान दिवस में 119 शिकायतें प्राप्त, 25 का मौके पर निस्तारण

 




देवरिया, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के समस्त थानों पर शनिवार को “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर निस्तारण भी किया।

समाधान दिवस जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने थाना कोतवाली पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसुनवाई को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए “डेस्क सिस्टम” लागू किया गया। इसके तहत प्रत्येक थाने पर हल्का प्रभारी और बीट पुलिस अधिकारी ने अलग-अलग डेस्क लगाकर क्षेत्रवार शिकायतें सुनी और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का प्रयास किया।

समाधान दिवस के दौरान जनपद भर के थानों पर कुल 119 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 25 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संयुक्त टीमें गठित कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

इस अवसर पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष समाधान के लिए ऐसे आयोजन आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक