पुलिस की छापेमारी, 215 किलो तैयार पटाखे और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार
जौनपुर, 4 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को मड़ियाहूं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। ड्रोन कैमरे से निगरानी कर संचालित की जा रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। मौके से 215 किलोग्राम तैयार पटाखे, 16 किलोग्राम बारूद और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री व निर्माण उपकरण बरामद किए गए।
क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के साथ भण्डरिया टोला स्थित एक मकान पर छापेमारी की। यहां छत पर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मोहम्मद कैफ (23), निवासी भण्डरिया टोला को गिरफ्तार किया।
बरामदगी में पांच बोरियों में 155 किलोग्राम अनार पटाखे, चार पैकेटों में 60 किलोग्राम सुतली बम और करीब 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखा शामिल है। इसके अलावा 16 किलोग्राम बारूद पाउडर, 37 किलोग्राम सोरा, 23.4 किलोग्राम गंधक, 15.2 किलोग्राम कोयला पाउडर और नौ किलोग्राम लकड़ी का बुरादा बरामद हुआ।
मौके से एल्यूमीनियम कतरन, पटाखों के कागज, बाती, रैपर, पाइप, औजार, लोहे की कटर मशीन और 1,530 खाली मिट्टी की अनार घरिया भी मिलीं। पुलिस के अनुसार, आरोपित घर से करीब 100 मीटर दूर गली में ड्रोन कैमरा लगाकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते थे, ताकि छापेमारी से पहले उन्हें सूचना मिल सके। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव