राम जन्मभूमि के रेड जोन में ड्यूटी पर तैनात पीएसी जवान की हार्ट अटैक से मौत
अयोध्या,24 मई (हि.स.)। राम जन्मभूमि के रेड जोन में ड्यूटी पर तैनात पीएसी जवान नरेंद्र बहादुर सिंह की रविवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह अयोध्या के तुलसी नगर कैंप में पीएसी की 12वीं वाहिनी में तैनात थे और पिछले फरवरी से राम जन्मभूमि के रेड जोन में ड्यूटी कर रहे थे। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मूल रूप से प्रतापगढ़ मान्धाता थाना क्षेत्र के रहने वाले नरेंद्र बहादुर सिंह (55 वर्ष)फरवरी माह से राम जन्मभूमि परिसर में तैनात थे। रविवार शाम करीब चार बजे वह बैरक में सीढ़ी से उतर रहे थे। इसी दौरान उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह अचानक गिर पड़े। साथी जवानों ने तुरंत उन्हें श्री राम अस्पताल लेकर पहुंचे,वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय