देवरिया : वरिष्ठ नागरिकों से पुलिस ने संवाद कर दिया सुरक्षा का भरोसा
देवरिया, 12 अगस्त (हि.स.)। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन के निर्देश पर जनपद के सभी थानों पर गठित कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम चलाया गया। इसी क्रम में बुधवार काे पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों से संवादकर सुरक्षा का भरोसा दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क कर उनकी समस्याएं जानीं। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने वरिष्ठ नागरिकों के घरों तथा सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई। वरिष्ठ नागरिकों से मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान भी किया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकें।
उन्होंने बताया कि संवाद के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को आपात स्थिति, सामाजिक समस्याओं, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सावधानियां बताते हुए पुलिस हेल्पलाइन, आपातकालीन सहायता और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद से बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना बढ़ने के साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं समन्वय भी मजबूत होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक