स्वतंत्रता दिवस से पहले गोरखपुर में पुलिस का पैदल मार्च, सुरक्षा व्यवस्था परखी

 


गोरखपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गोरखपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए शुक्रवार की देर शाम नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने स्वयं नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी तथा सुरक्षा इंतजामों को परखा। स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।

डीआईजी और एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जाए।

पैदल भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से भी संवाद किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की ओर से प्रमुख स्थानों पर चेकिंग और निगरानी बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने की व्यवस्था की गई है।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी कैंट कीर्ति निधि आनंद, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय