तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी

 


नगर के 28 केन्द्रों पर प्रत्येक पाली में 11424 अभ्यर्थी होंगे शामिल

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क होंगे स्थापित,उपलब्ध रहेंगी एम्बुलेंस

झांसी, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने संयुक्त रूप से आगामी 08, 09 एवं 10 जून 2026 को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। यह परीक्षा नगर के 28 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 11424 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर, पर्याप्त बिजली, पेयजल, शौचालय एवं रैम्प की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही फ्रिस्किंग के बाद बायोमैट्रिक सत्यापन अनिवार्य करने और क्लॉक रूम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे तथा रैन बसेरों की सूची उपलब्ध रहेगी, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गर्मी को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र के आसपास एंबुलेंस और मेडिकल किट की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है।

डीएम ने निर्देश दिया कि महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला शिक्षिकाओं द्वारा की जाए तथा पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ उच्च अधिकारी लगातार भ्रमण करें। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पेन ड्राइव सहित सभी प्रतिबंधित वस्तुओं पर सख्ती से रोक रहेगी।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अनधिकृत सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित साधन के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया