पुलिस भर्ती परीक्षा : प्रथम पाली में 2476 तथा द्वितीय में 2463 परीक्षार्थी अनुपस्थित
28 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
झांसी, 08 जून (हि.स.)। जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस दो पालियों में पूर्ण पारदर्शिता एवं शांति के साथ संपन्न हुआ। नगर के 28 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में सुरक्षा और सुचिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। प्रथम पाली में 2476 तथा द्वितीय पाली में 2463 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वॉइस रिकॉर्डर सक्रिय रहे तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की गई।
जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बुंदेलखंड विश्वविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कमांड कंट्रोल रूम में सीसीटीवी फीड का अवलोकन किया तथा परीक्षा की मिनट-टू-मिनट मॉनिटरिंग की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा डुप्लीकेट परीक्षार्थियों की पहचान के लिए प्रवेश पत्रों का सख्ती से सत्यापन किया जाए। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही कराए जाने के निर्देश भी दिए गए।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। साथ ही पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं रैम्प जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की गई। सभी केंद्रों पर स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित रही।
परीक्षा नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक पाली में 11424 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे और परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
अधिकारियों ने कहा कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी, नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई, जिसमें प्रशासन और पुलिस की सतत निगरानी महत्वपूर्ण रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया