पुलिस भर्ती परीक्षा : दूसरे दिन दोनों पालियों में 4613 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

 


28 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई भर्ती परीक्षा

झांसी, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा मंगलवार को जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

परीक्षा नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक पाली में 11,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 9,092 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2,332 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 9,143 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 2,281 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन पर संतोष व्यक्त किया।

अधिकारियों ने बुंदेलखंड महाविद्यालय, नेशनल हाफिज सिद्दीकी कॉलेज समेत कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रधानाचार्य कक्ष में स्थापित कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की लाइव निगरानी और रिकॉर्डिंग की जांच की गई।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नकल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डुप्लीकेट परीक्षार्थियों को रोकने के लिए प्रवेश पत्रों और पहचान पत्रों की गहन जांच के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल, शौचालय, रैंप, विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई, जबकि केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया