पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से लुटेरा घायल,दीवान को भी लगी गोली
फर्रुखाबाद ,19 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में कायमगंज कोतवाली पुलिस अभिरक्षा से भाग रहे लुटेरे को पुलिस ने बुधवार को देर रात मुुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। लुटेरे की गोली से दीवान तथा पुलिस की गोली से लुटेरा घायल हो गया। दोनो घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया की लूट के मामले में पड़ोसी जिला कासगंज के पटियाली निवासी लुटेरे कुलदीप को गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। पुलिस कुलदीप से लूटे गए कुंडलों की बरामदगी के लिए ले जा रही थी शातिर कुलदीप ने वहां 315 बोर का तमंचा छिपा रखा था। एएसपी ने बताया कि कुलदीप ने भाग जाने के लिए तमंचे से दीवान धर्मेंद्र तिवारी के ऊपर जान से मार देने की नीयत से दो फायर किए। लुटेरे की गोली हाथ में लगने से दीवान तिवारी घायल हो गए।
पुलिस ने आत्म रक्षार्थ गोली चलाई। गोली पैर में लगने से लुटेरा कुलदीप घायल हो गया। पुलिस ने कुलदीप की निशानदेही पर लूटे गए कुंडल बरामद कर लिए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
मालूम हो कि कुलदीप जनपद कासगंज थाना पटियाली के ग्राम मिलक इलाही अल्लौयापुर निवासी सजीवन सिंह का पुत्र है। अमृतपुर थाना के करनपुर निवासी राम राजपूत अपनी बहन मंजू को बाइक पर बैठाकर 14 मार्च को एटा जनपद के लहटोरा गांव जा रहे थे। वह दोपहर के समय ढमढ़ेरा और बिराहिमपुर गांव के बीच से गुजर रहे थे। तभी पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने चलती बाइक पर मंजू के कानों पर झपट्टा मारकर कुंडल नोच लिये।
लुटेरों के फरार हो जाने पर मंजू चीखने लगी। चिल्लाने पर पीछे आ रही बोलेरो चालक ने लुटेरों का पीछा किया। पीछा किए जाने से घबराये बाइक सवार लुटेरे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरे। आरोपी सनी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। राम ने लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar