हत्यारोपित के घर पुलिस की मुनादी, नोटिस चस्पा

 


जौनपुर, 30 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर शनिवार को उसके घर पहुंचकर मुनादी कराई और नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने गांव में उद्घोषणा कर आरोपित को निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी।

गोबरा गांव निवासी सच्चिदानंद मिश्र की हत्या के मामले में दर्ज अपराध संख्या 73/2026 में नामजद आरोपित सूर्यकांत मिश्र पुत्र स्वर्गीय संतोष मिश्र की पुलिस को लंबे समय से तलाश है। पुलिस द्वारा लगातार दबिश दिए जाने के बावजूद वह गिरफ्तारी से बचता रहा और उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

मामले की विवेचना कर रहे अधिकारी की रिपोर्ट पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोर्ट संख्या-11 ने आरोपित के विरुद्ध धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा (प्रोक्लेमेशन) जारी करने का आदेश दिया। न्यायालय ने माना कि आरोपित गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से फरार है तथा उसने न तो आत्मसमर्पण किया है और न ही किसी न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश प्राप्त किया है।

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में चंदवक पुलिस शनिवार को आरोपित के गोबरा स्थित आवास पर पहुंची और विधिवत मुनादी कराकर नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने घोषणा की कि निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में उपस्थित न होने की स्थिति में उसके विरुद्ध कुर्की सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपित पर जल्द आत्मसमर्पण का दबाव बढ़ गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव