डकैती मामले में छह आरोपित गिरफ्तार, 66 हजार नकद और हथियार बरामद
उरई, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मंगलवार को उरई कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक डकैती की घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में कुल 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त 66,000 रुपये नकद, कीमती आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
बता दें कि, 19 फरवरी को कोतवाली उरई क्षेत्र में हुई डकैती के सम्बंध में पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली उरई में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने अज्ञात आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया था। इन टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और धरातलीय साक्ष्यों के संकलन में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। बीती रात को कोतवाली उरई पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम गस्त एवं अपराध रोकथाम हेतु सुरागरसी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने इकलाशपुरा चौराहा, श्मशान घाट के पीछे कच्चे रास्ते से दबिश देकर सभी छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें खलक सिंह, कल्लू राजपूत, सुरेन्द्र राजपूत , वीर सिंह, अमित राजपूत, दुर्गा देवी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में लूटा गया माल एवं अन्य सामान बरामद किया है। जिसमें 66,000 रुपए नगद, एक जोड़ी कान के लटकन, एक हारनुमा मंगलसूत्र, चार चूड़ी-कंगन, एक हाफ कमरपेटी, एक जोड़ी कान के झुमके, दो जंजीरें, एक राउटर, एक डीवीआर, दो सब्बल, चार तमंचे, सात जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपित खलक सिंह ने बताया कि योजना के तहत 18-19 फरवरी 2026 की रात को उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। लूटे गए 20,000 रुपये उन्होंने आपस में तुरंत बांट लिए थे, जो खर्च हो गए। बाद में उन्होंने कुछ आभूषण बेच दिए, जिससे 66,000 रुपये प्राप्त हुए। आरोपित लूटे गए माल बंटवारे के बाद एक अन्य वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम द्वारा आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा