त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने कोतवाली क्षेत्र में किया पैदल गश्त

 








गोरखपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जनपद में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोरखपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉक्टर कौस्तुभ ने थाना कोतवाली क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का आकलन किया।

पैदल गश्त के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस की सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी पर विशेष ध्यान दिया गया। इस पहल का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

पूजा समितियों के पदाधिकारियों से किया संवाद

थाना कोतवाली क्षेत्र में स्थापित प्रतिमाओं के आयोजकों तथा विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वार्ता की। उन्होंने त्योहारों को आपसी भाईचारे, पारस्परिक सहयोग और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया।

शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में की गई इस पैदल गश्त के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा देने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गोरखपुर पुलिस का उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय