संभल में पीएमश्री विद्यालय के विद्यार्थियों काे धार्मिक प्रार्थना कराने में तीन शिक्षक निलंबित, दाे पर मुकदमा दर्ज
संभल, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के पीएमश्री विद्यालय में छात्राओं से धार्मिक प्रार्थना कराने के मामले में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक समेत तीन शिक्षकाें काे निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में अब निलंबित प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक पर मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने साेमवार काे बताया कि जनपद के गांव जालब सराय में स्थित पीएमश्री विद्यालय है। आराेप है कि विद्यालय के
प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद, प्रभारी प्रधानाध्यापक वालेश कुमार और सहायक अध्यापक मोहम्मद गुल एजाज विद्यालय में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे। उनके द्वारा हिंदू छात्रों को टोपी और छात्राओं को हिजाब पहनाया जाता था। इस संबंध में 7 मई को एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियाे की जांच कराई गई। प्रकरण की जांच करने खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल कुमार 8 मई को विद्यालय पहुंचे थे। बच्चों के बयान दर्ज करने के बाद रिपोर्ट बीएसए अलका शर्मा को भेजी गई। इसी क्रम में बीएसए ने रविवार को उक्त तीनाें शिक्षा कर्मियाें काे निलंबित
कर दिया था।
डीएम ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक वालेश कुमार पर आरोप है कि उन्होंने उच्च अधिकारियों को सूचना नहीं दी और अपने कर्तव्यों का निवर्हन नहीं किया। इसके चलते उनको निलंबित किया गया है। वहीं इस मामले में प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद और सहायक अध्यापक मोहम्मद गुल एजाज के खिलाफ नखासा थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
इस घटना की विस्तृत जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई। उन्होंने बताया की वीडियो ओर फोटो देख कर वेशभूषा और प्रार्थना के मामले में विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा और जांच में जो भी तथ्य सामने आयेंगे, उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar