फतेहपुर : पीएम किसान सम्मान निधि जारी, जिले के 3.11 लाख किसान लाभान्वित
फतेहपुर, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को गांधी सभागार में पीएम किसान उत्सव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के हस्तांतरण का सीधा प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं उप कृषि निदेशक रामजतन मिश्र सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 9 करोड़ 44 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरित किए जाने का सीधा प्रसारण किसानों ने देखा।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि जनपद फतेहपुर के 3,11,517 किसानों के बैंक खातों में भी सम्मान निधि की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
जिलाधिकारी ने लाभान्वित किसानों में अतुल मिश्रा, रामप्रताप, होरीलाल, गुरुदयाल एवं संतोष कुमार को प्रतीकात्मक प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी व भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीरज सिंह के अलावा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार