विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं रसोइयां : गिरीश चन्द्र यादव

 


जौनपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन राविवार को कलेक्ट्रेट के प्रेक्षागृह में किया गया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया समेत अधिकारी व रसोइया मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ बच्चे, खिलता बचपन—सही पोषण से प्रदेश रोशन’ रही। इस मौके पर राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि पीएम पोषण योजना के रसोइया विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रसोइयों का मानदेय 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। वहीं वर्ष में एक बार साड़ी या ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि जिले में पीएम पोषण योजना के तहत कुल 8,325 रसोइया कार्यरत हैं। कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 15 रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय का चेक और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किया गया।नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने कहा कि सरकार रसोइयों के हित में लगातार कार्य कर रही है। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने कहा कि शेष सभी रसोइयों का पंजीकरण एक माह के भीतर पूरा कर उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौष्टिक भोजन से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में तेजी आएगी।कार्यक्रम में संगीता सरोज, कुसुम, छोटेलाल यादव समेत 15 रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कार्ड वितरित किए गए। रसोइयों ने सरकार के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में रसोइया मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव