प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष जन आकांक्षाओं की सिद्धि के स्वर्णिम वर्ष : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 26 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री को बधाई दी है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष भारत के नवोदय और जन आकांक्षाओं की सिद्धि के स्वर्णिम वर्ष हैं।
उप मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि आज ही के दिन, 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी। उस समय देश नीतिगत अस्थिरता, भ्रष्टाचार और निराशा के दौर से गुजर रहा था लेकिन इन 12 वर्षों में भारत ने सुशासन, जनभागीदारी और आत्मविश्वास के बल पर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा इन 12 वर्षों में ‘अंतिम पंक्ति’ में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने का कार्य हुआ। जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और डिजिटल इंडिया जैसे अनेक अभियानों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का नया अध्याय जोड़ा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत ने विकास की गति बढ़ाने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक चेतना, विरासत और आत्मगौरव को भी नए वैभव के साथ स्थापित किया है। आधुनिक आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे, वंदे भारत ट्रेनें, तकनीकी नवाचार, सशक्त होती सीमाएं, नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार और विश्व पटल पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा आज एक आत्मविश्वासी और सक्षम भारत की पहचान बन चुकी है।
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ भारत आज आत्मनिर्भरता और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की ओर निरंतर अग्रसर है। ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव को सर्वोपरि रखते हुए सेवा, समर्पण, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण की इस गौरवशाली यात्रा के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदयतल से अभिनंदन!
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन