पीएम मोदी की ‘मन की बात’ का जौनपुर में होगा सीधा प्रसारण, पहली बार जिले से करेंगे लाइव संवाद

 

जौनपुर,30 मई (हि.स.) यूपी के जौनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर पहली बार प्रधानमंत्री जौनपुर की जनता से लाइव संवाद करेंगे, जिसे लेकर जिले में विशेष उत्साह का माहौल है।

राज्यमंत्री (खेल एवं युवा कल्याण) गिरीश चन्द्र यादव के मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के प्रसारण के लिए शहर के सिपाह रोड स्थित होटल रिवर व्यू के सभागार में विशेष व्यवस्था की गई है।उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को संबोधित करने के साथ जौनपुर से भी सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और प्रबुद्धजन शामिल होंगे।कार्यक्रम में राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव के साथ मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक तथा भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।भाजपा पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुनने और इस विशेष अवसर का साक्षी बनने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव