प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर काशी के जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
वाराणसी, 26 मई (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को काशी के जनप्रतिनिधियों ने अपनी मंगल कामनाएं और हार्दिक बधाई के संदेश दिए। जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल के दौरान हुए प्रमुख कार्यों को गिनाते हुए इसे जनता के लिए स्वर्णिम समय बताया।
वाराणसी में दक्षिणी विधानसभा से विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल में वाराणसी सहित पूरे भारत का विकास हुआ है। गरीब को समृद्ध करने वाली योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास, जन-धन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और स्वनिधि जैसी योजनाओं ने विकास को जन-जन तक पहुंचाया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास को चरितार्थ करते प्रधानमंत्री मोदी पर जन-जन का विश्वास है। मोदी के संकल्प से कई ऐतिहासिक निर्णय हुए हैं। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के निर्णय से पूरा भारत प्रसन्न है। 500 वर्षों की प्रतीक्षा को समाप्त करते हुए अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की एक बड़ी उपलब्धि है।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 'प्रधान सेवक' के रूप में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं अनन्त मंगलकामनाएं। इन 12 वर्षों में गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता बना, अंत्योदय आत्मनिर्भरता की शक्ति में बदला और जनभागीदारी ने विकास को जन-आंदोलन का रूप दिया। यही वह दृष्टि है, जिसने ऐसे 'नए भारत' को गढ़ा, जहां नारी सशक्तीकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। सीमाओं पर अडिग, आतंक के विरुद्ध निर्णायक और विश्व मंच पर आत्मविश्वास से परिपूर्ण भारत आज एक सशक्त, विश्वसनीय नेतृत्व के रूप में स्थापित है। डिजिटल, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी की त्रिवेणी 'विकसित भारत 2047' की दिशा में नई गति दे रही है।
एमएलसी धर्मेंद्र राय ने कहा कि 'राष्ट्र प्रथम' की भावना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ 12 वर्ष की यात्रा पूरी हो गई और आगे भी इस युगांतकारी यात्रा जारी रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के साथ काशीवासी हैं और उनके कार्यों से जन-जन को लाभकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। मोदी का कोटि-कोटि अभिनंदन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद