खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री के कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने सुनी पीएम मोदी के ‘मन की बात’
जौनपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव के कार्यालय में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें एपिसोड का प्रसारण सुना गया। सुबह करीब 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में बूथ संख्या 421 के दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं और जेन-जी की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने युवा पीढ़ी के नए विचारों, नवाचार और देश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री ने जीवन में करुणा और संतोष के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री द्वारा देश-विदेश से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के विषयों पर व्यक्त किए गए विचारों को भी सुना। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का संबोधन युवाओं को रचनात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव मिश्रा, खेतासराय मंडल के वरिष्ठ नेता जगदम्बा प्रसाद पांडेय, कार्यालय प्रभारी डॉ. ब्रह्मेश शुक्ल, पीआरओ मनीष श्रीवास्तव, कार्यालय व्यवस्थापक धर्मपाल कन्नौजिया, आशुतोष अस्थाना ‘दयालु’ और आकाश शर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव