जन चौपालों के माध्यम से स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त गांव का दिया गया संदेश

 


जौनपुर,09 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की माेदी सरकार के 12 साल पूरे हाेने पर जौनपुर में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष” थीम पर जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में जन चौपाल, स्वच्छता अभियान, जनसंवाद और जनसमस्या समाधान शिविरों का आयोजन कर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याएं सुनी गईं।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देश पर पंचायत राज विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों में स्वच्छता जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इसके उपयोग को पूरी तरह बंद करने का संदेश दिया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत करीब 40 कुंतल प्लास्टिक अपशिष्ट का संग्रहण किया गया। साथ ही विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। प्लास्टिक मुक्त तालाब अभियान के अंतर्गत बक्शा और सिकरारा विकास खंड की ग्राम पंचायतों में तालाबों के सौंदर्यीकरण एवं सफाई कार्यों का निरीक्षण भी किया गया।

08 से 14 जून तक संचालित विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत ग्राम सभाओं की बैठकें, मलिन बस्तियों में संवाद कार्यक्रम और जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बदलापुर विकास खंड की ग्राम पंचायत मलूकपुर में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। जन चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मनरेगा, वृद्धावस्था पेंशन तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने, गांवों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव