'पीएम-कुसुम' योजना से चमकेगी घाटमपुर के किसानों की किस्मत

 


-घटक सी-2 के तहत घाटमपुर ब्लॉक में 3 जगह सरकारी जमीन आवंटित-दो जगह प्राइवेट कंपनियों के जरिए कराया जाएगा काम, कुल 06 मेगावाट क्षमता से रोशन होंगे खेत

कानपुर, 25 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के विज़न को धरातल पर उतारते हुए जनपद के घाटमपुर ब्लॉक सहित ग्रामीण इलाकों के किसानों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी शुरुआत होने जा रही है। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की किल्लत को हमेशा के लिए खत्म करने और अन्नदाताओं को ऊर्जादाता बनाने की तैयारी तेज कर दी है।

इसके तहत केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम-कुसुम योजना' के घटक सी-2 के माध्यम से घाटमपुर के 05 प्रमुख इलाकों में कृषि फीडरों को सीधे सौर ऊर्जा (सोलर पावर) से जोड़ा जाएगा। इस बड़ी योजना के तहत कुल छह मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, जिसके बाद किसानों को न सिर्फ खेती के लिए भरपूर बिजली मिलेगी, बल्कि वे खुद बिजली बेचकर मोटी कमाई भी कर सकेंगे।

ज़मीन का आवंटन फाइनल

साढ़ (1.6 मेगावॉट), सजेती (1.3 मेगावॉट) और नौरंगा (0.7 मेगावॉट) उपकेंद्रों के लिए सरकारी जमीन का आवंटन फाइनल कर दिया गया है। जमीन मिलने के बाद अब इन तीनों जगहों पर बहुत जल्द कंस्ट्रक्शन का काम शुरू होने जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ, बाकी बचे दो केंद्रों—घाटमपुर (1.1 मेगावॉट) और शिवधारी (1.3 मेगावॉट) पर भी प्रक्रिया जारी है।

जानिए क्या है कुसुम सी-2 योजना

यह सरकार की एक ऐसी अनूठी पहल है जो सीधे कृषि फीडरों के सौर ऊर्जीकरण पर केंद्रित है, यानी खेतों में जाने वाली बिजली को पूरी तरह सोलर पावर पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। पीएम कुसुम C-2 योजना में गांवों के कृषि फीडरों पर सोलर प्लांट लगाए जाते हैं, जिससे किसानों को दिन में बिजली मिल सके। इसमें किसान, पंचायत, सहकारी समिति या कोई निजी कंपनी बंजर या खाली जमीन पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली पैदा कर सकती है। यह बिजली बिजली विभाग खरीद लेता है, जिससे प्लांट लगाने वाले को हर महीने कमाई होती है और किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर बिजली मिलती है। इस योजना का मकसद खेती में बिजली की समस्या कम करना और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है।

परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा राकेश पांडेय ने गुरुवार को बताया कि पीएम-कुसुम सी-2 योजना सीधे तौर पर हमारे कृषि फीडरों के सौर ऊर्जीकरण पर केंद्रित है, जिसके तहत कुल छह मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट लगाए जा रहे हैं। इन प्लांटों के चालू होने से किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए बिना किसी रुकावट के भरपूर बिजली मिलेगी। घाटमपुर ब्लॉक के तीन स्थानों पर ज़मीन फाइनल हो गई है।

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने बताया कि जिले के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। पीएम-कुसुम सी-2 योजना के तहत धरातल पर काम दिखना शुरू हो गया है। जमीन का आवंटन पूरा होने के बाद अब इन तीनों जगहों पर बिना किसी प्रशासनिक देरी के जल्द निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप