उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में आएगी ‘सम्मान निधि’
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल से जारी करेंगे पीएम किसान सम्मान निधि
-23वीं किस्त के रूप में उत्तर प्रदेश के किसानों को मिलेंगे 4352.40 करोड़ रुपये
लखनऊ, 19 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल से किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त भेजेंगे। इससे उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित होंगे। इनके खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे 4352.40 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। यूपी के किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की अब तक (22वीं किस्त) 99,032.58 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।
शनिवार को जारी होने वाली पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त से उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे। इन किसानों के खाते में 4352.40 करोड़ की धनराशि आएगी। योजना की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के खाते में हस्तांतरित की जाती है। इसमें पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता वर्ष में तीन किस्त में प्रदान किए जाने की व्यवस्था है। इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2026 को असम से सम्मान निधि का लाभ किसानों को दिया था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को झांसी में किसानों के बीच रहेंगे। वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण के दौरान रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रहेंगे। मुख्यमंत्री यूपीएग्रीज परियोजना खरीफ संस्करण का शुभारंभ भी करेंगे।
शनिवार को 4352.40 करोड़ जारी होने के बाद यह राशि 103,391.24 करोड़ रुपये हो जाएगी।
वर्ष धनराशि
2018-19 2238.92 करोड़
2019-20 11006.87 करोड़
2020-21 14,432.14 करोड़
2021-22 15,775.52 करोड़
2022-23 12,454.32 करोड़
2023-24 13,808.48 करोड़
2024-25 15,594.74 करोड़
2025-26 13,727.85 करोड़
2026-27 (अप्रैल-जुलाई) 4352.40 करोड़ (यह राशि शनिवार 20 जून को खाते में भेजी जाएगी)
कुल- 1,03,391.24 करोड़ रुपये
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह