प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ब्रजेश पाठक ने सिविल अस्पताल में किया फल वितरण
लखनऊ, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरूवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत सिविल अस्पताल लखनऊ, में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल में फल वितरण भी किया। उन्होंने मरीजों के तीमारदारों से आत्मीय भेंटकर हर संभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया।
ब्रजेश पाठक ने रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्त की एक बूंद किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकती है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर किया गया यह सेवाकार्य ‘सेवा ही संकल्प, स्वस्थ प्रदेश ही हमारा लक्ष्य’ की भावना को साकार करता है। उन्होंने कहा जनसेवा ही सबसे बड़ा संकल्प है और मानवता की सेवा ही सच्ची सेवा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, संवेदना और समर्पण के भाव के साथ मनाने का यह अवसर हम सभी को समाज के अंतिम पायदान तक सेवा पहुंचाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी,सिविल अस्पताल के निदेशक डा.जीपी गुप्ता,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.एस.एस.पाण्डेय एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन