बारिश में जनहित से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : नगर आयुक्त
कानपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले में बरसात के दौरान जनहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत बगिया क्रॉसिंग, कल्याणपुर में निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण किया। मिट्टी के ढेर, खुले मैनहोल, जलभराव और गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। यह बातें शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने निरीक्षण के दौरान कहीं।
इस दौरान मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी और जोनल स्वच्छता अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अभियंता ने बताया कि केस्को से समन्वय कर शटडाउन लेने की प्रक्रिया चल रही है। पोल शिफ्टिंग के बाद ड्रेनेज और मार्ग सुधार का काम तेजी से कराया जाएगा।
मार्ग किनारे मिट्टी के ढेर मिलने पर नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को फटकार लगाते हुए उसी दिन मिट्टी हटाने और काम पूरा होने के बाद जीपीएस युक्त छायाचित्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खुले मैनहोल पर तत्काल बैरिकेडिंग और उसे जल्द कवर कराने को कहा। जहां पानी भरा है, वहां मोटर पंप या सक्शन पंप से जल निकासी और बड़े गड्ढों में जीएसबी डालकर समतलीकरण कराने के निर्देश दिए गए। निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए सभी काम निर्धारित अवधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
केशवपुरम डबल रोड के किनारे कच्ची नाली में गंदगी मिलने पर विशेष सफाई अभियान चलाने और ग्रीन बेल्ट के किनारे जमा कूड़ा हटाकर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि योजना के सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता, सुरक्षा और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और मानकों की अनदेखी पर संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप