खेलते-खेलते तालाब में गिरा मासूम, दूसरे दिन मिला शव
बांदा, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में घर के पास तालाब के भीटे पर खेल रहा चार वर्षीय मासूम अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में जा गिरा। हादसे के बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। गोताखोरों ने भी तालाब में काफी खोजबीन की, लेकिन मासूम का कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह तालाब में उसका शव उतराता मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा मुगली गांव निवासी कमाल का चार वर्षीय नाती माज खां पुत्र शमशाद खां निवासी शिव, बिसंडा शुक्रवार दोपहर घर के पास स्थित तालाब के भीटे पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तालाब में जा गिरा। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तालाब में डूबने की आशंका पर गोताखोरों को बुलाया गया। उन्होंने पानी में उतरकर काफी देर तक तलाश की, लेकिन मासूम का पता नहीं चला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में मासूम का शव उतराता देखा तो परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में तालाब पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
12 दिन पहले मां के साथ आया था ननिहाल
मृतक के नाना कमाल ने बताया कि माज खां करीब 12 दिन पहले अपनी मां उजमा के साथ दीपावली का त्योहार मनाने ननिहाल आया था। शुक्रवार को वह घर के पास तालाब के भीटे पर खेल रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से तालाब में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी जान चली गई।
मटौंध थानाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह