देवा मेले में बैडमिंटन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 


बाराबंकी 02 नवंबर (हि.स.)। ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 के तहत सोमवार को आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न आयु वर्गों में हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम, कौशल और खेल भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-11, अंडर-13, अंडर-17 के साथ ओपन सिंगल और डबल मुकाबले आयोजित किए गए। देर शाम तक कुल 27 मुकाबले खेले गए। बालक एकल अंडर-11 वर्ग के फाइनल में यशु मित्र नारायण ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

वहीं बालिका एकल वर्ग के अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-17 के सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न हुए। इन वर्गों के फाइनल मुकाबले तीन नवंबर को खेले जाएंगे। बालक एकल अंडर-13 और अंडर-17 के सेमीफाइनल भी हुए, जबकि ओपन सिंगल और डबल के मुकाबले मंगलवार को आयोजित होंगे।

इस अवसर पर टूर्नामेंट आयोजक कृष्ण गोपाल, सचिव फारुख हसन और अध्यक्ष फव्वाद किदवई ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी