मुरादाबाद : अलग अलग खेलों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करके अपनी प्रतिभा का किया प्रदर्शन
नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम मुरादाबाद में हुई खेल प्रतियोगिताएं
मुरादाबाद, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में शनिवार को मुरादाबाद के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करके अपनी प्रतिभा का कौशल दिखाया।
पांच और तीन किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता में केसीएम स्कूल ने बाजी मारी। बैडमिंटन में जूनियर बालक एकल में आर्य इंटर कॉलेज के गौरव सिंह और बालिका अंडर-13 में कौशल्या कन्या इंटर कॉलेज की सुवरीन कौर, अंडर-15 में सीएमएस की नित्या बालव तथा ओपन वर्ग में शिर्डी साईं स्कूल की गौरी अग्रवाल विजेता रहीं।
बालक अंडर-13 युगल में अदविक काव्द्यान- शौर्य प्रताप, अंडर-15 में साहिल कुमार युवान और ओपन में सक्षम वर्मा-अर्पित सैनी ने बाजी मारी। बालिका अंडर-13 युगल में शरणया गुप्ता आकृति चौधरी, अंडर-15 में आराध्या रौनी-आरना गुप्ता और ओपन में सुरीली-अंशिका पाल विजेता रहीं। कबड्डी में सोनकपुर स्टेडियम ने सीएनएस एकेडमी को 20-15 से शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। खो-खो में ग्रीन मिडोज स्कूल ने सोनकपुर स्टेडियम को 9-8 से हराकर खिताब जीता।
भारोत्तोलन के जूनियर बालक वर्ग में 42 किग्रा में अभिषेक, 58 किग्रा में अनिकेत, 74 किग्रा में उज्ज्वल वर्मा, 63 किग्रा में प्रियांशु, 66 किग्रा में शनि कुमार, 55 किग्रा में शिव, 72 किग्रा में पृथ्वी सिंह, 82 किग्रा में आदित्य सिंह, 88 किग्रा में शाने आलम और 110 किग्रा में संभव त्यागी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव डॉ. अजय विक्रम पाठक ने किया।
इस दौरान क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह, प्रधान सहायक राम कृपाल, नरेश पाल सिंह, मोहम्मद आ सि फ सिद्दीकी, सचिन बिश्नोई, धीरज कुमार, कुमार गोविंद यादव, ललिता चौहान और निशा आदि मौजूद रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल