नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए आइडियाथॉन जैसे मंच जरूरी : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए आइडियाथॉन जैसे मंच जरूरी हैं, इससे विद्यार्थियों को अपने विचार प्रस्तुत करने और उन्हें वास्तविक रूप देने का अवसर मिलता है, नई सोच और तकनीक के माध्यम से समाज की समस्याओं का समाधान संभव है, विश्वविद्यालय लगातार इस दिशा में प्रयास कर रहा है। यह बातें शनिवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।
जनपद में वर्ल्ड आईपीआर डे के उपलक्ष्य में छत्रपति शाहू जी महाराज इनोवेशन फाउंडेशन के सेमिनार हॉल में आइडियाथॉन 2026 के पिचिंग सेशन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार एवं उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया और सामाजिक, तकनीकी व व्यावसायिक समस्याओं के समाधान के लिए अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने अपने प्रस्तुतीकरण में रचनात्मकता और विश्लेषणात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिग्नेश मंगलपारा, तुषार श्रीवास्तव, डॉ. प्रशांत त्रिवेदी, डॉ. दिव्यांश शुक्ला, अंशु सिंह, अनिल कुमार त्रिपाठी सहित अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को स्टार्टअप, तकनीक और करियर से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी गई। आयोजन विद्यार्थियों के लिए अपने विचार साझा करने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का प्रभावी मंच साबित हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद