पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता : धर्मपाल सिंह

 


प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा भारत

लखनऊ, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

धर्मपाल सिंह ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, शुद्ध जल, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और इन 12 वर्षों में जनकल्याण, सुशासन, आत्मनिर्भरता तथा गरीबों के उत्थान की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का आगामी जनसंपर्क अभियान समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।

इस अवसर पर भाजपा नेता नीरज सिंह, अभिषेक कौशिक व अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन