उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण महायज्ञ का शुभारम्भ करेंगे मुख्यमंत्री, 35 करोड़ पौधों का होगा रोपण
लखनऊ, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री 12 जुलाई को गोरखपुर जनपद की सहजनवा तहसील में लिंक एक्सप्रेसवे के निकट पौधा रोपित कर वृक्षारोपण महायज्ञ का शुभारम्भ करेंगे। महायज्ञ के अंतर्गत प्रदेश में वन विभाग व 26 राजकीय विभागों सहित समस्त विभाग स्वयं व व्यापक जनसहभागिता से एक दिन में 35 करोड़ पौधों का रोपण किया जायेगा। यह जानकारी प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डा.अरूण कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को लखनऊ के अरण्य भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
वन मंत्री ने बताया कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में स्कूली छात्र एवं छात्राओं की प्रतिभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। 12 जुलाई को प्रत्येक ग्राम पंचायत, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के मैदानों, एक्सप्रेस—वे,हाईवे व अन्य मार्गों के साथ—साथ रेल की पटरी के किनारे तथा सभी विश्वविद्यालय,कालेज,मेडिकल कालेजों,सीएचसी,पीएचसी व औद्योगिक इकाइयों के परिसरों में वृक्षारोपण किया जायेगा।
प्रदेश व केन्द्र के सभी मंत्री पौधरोपण कार्यक्रम में होंगे शामिल
प्रदेश में 12 जुलाई को पौधरोपण कार्यक्रम में प्रदेश व केन्द्र सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे। मंत्री ने बताया कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी व उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी लखनऊ में पौधरोपण करेंगे। रालोद अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी बागपत, जितिन प्रसाद पीलीभीत, अपना दल एस की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल मीरजापुर, एसपी सिंह बघेल आगरा, कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा, बीएल वर्मा बदायूं व कमलेश पासवान देवरिया में पौधरोपित करेंगे। इसके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्यप्रताप शाही देवरिया, स्वतंत्रदेव सिंह जालौन, भूपेन्द्र चौधरी मुराराबाद, जयवीर सिंह फिरोजाबाद, ए.के.शर्मा आजमगढ़ तथा ओम प्रकाश राजभर गाजीपुर में पौधरोपण करेंगे।
सभी जिलों में होगी समरस वन की स्थापना
वन मंत्री डा.अरूण सक्सेना ने बताया कि प्रदेश की 2600 पौधशालाओं में 57.62 करोड़ पौधे उपलब्ध हैं। इस बार 30 प्रतिशत फलदार पौधे लगाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार प्रदेश में समृद्धि वन,समरस वन,कपि वन,महर्षि चरक वन तथा ऊर्जा वन की स्थापना की जायेगी। वन मंत्री ने बताया कि प्रदेश में विगत 09 वर्षों में हरित आवरण में 3 लाख 38 हजार एकड़ प्रदेश के वनों व वृक्षों में संचित कार्बन स्टाक 2.46 प्रतिशत है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन