संगठन की मजबूती और समाजहित के कार्यों को गति देने के लिए योजनाबद्ध कार्य आवश्यक : गजेंद्र
कानपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता और समाजहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध कार्य और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा, सुरक्षा और संस्कार के कार्यों को और अधिक गति दी जानी चाहिए। यह बातें शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र ने कानपुर में आयोजित प्रान्त कार्य योजना बैठक के उद्घाटन सत्र में कहीं।
विश्व हिन्दू परिषद कानपुर प्रान्त की दो दिवसीय प्रान्त कार्य योजना बैठक शनिवार को विकास नगर स्थित जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुरू हुई। बैठक में कानपुर प्रान्त के सभी 21 जिलों से विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, दुर्गावाहिनी और मातृशक्ति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक के उद्घाटन सत्र में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सामाजिक समरसता, सेवा गतिविधियों, युवाओं और महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के साथ धार्मिक एवं सामाजिक अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना, प्रान्त कार्याध्यक्ष उमेश पालीवाल, प्रान्त उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल तथा प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल सहित संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी मौजूद रहे। दो दिवसीय बैठक में आगामी समय के कार्यक्रमों और संगठनात्मक विस्तार की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप