बांदा : प्लेसमेंट ड्राइव में 22 छात्रों को नौकरी, 46 का इंटर्नशिप के लिए चयन

 


बांदा, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट ड्राइव में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशालय की ओर से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 22 छात्रों का विभिन्न पदों पर चयन हुआ, जबकि अंतिम वर्ष के 46 छात्रों को इंटर्नशिप के लिए चुना गया।

दिव्यम पशु आहार प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ की चयन प्रक्रिया में टेरिटरी सेल्स मैनेजर पद के लिए 18 छात्रों का चयन हुआ। वहीं, झारखंड के आर्यभट्ट एजुकेशन एंड हेल्थ ट्रस्ट में कृषि विशेषज्ञ पद के लिए चार छात्रों का चयन किया गया।

इसके अलावा 46 अंतिम वर्ष के छात्रों को आर्यभट्ट एजुकेशन एंड हेल्थ ट्रस्ट, बीएसएएफ, सवीर बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड और दिव्यम पशु आहार प्राइवेट लिमिटेड में इंटर्नशिप का अवसर मिला। प्लेसमेंट नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक कालिया ने बताया कि विद्यार्थियों को रोजगार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण और व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।

कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को बेहतर रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाकर विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह