सीएसजेएमयू में प्लेसमेंट अभियान के तहत 63 छात्रों को मिली नौकरी

 


कानपुर, 10 अप्रैल (हि.स)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट अभियान के माध्यम से छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं और बड़ी संख्या में उनका चयन हो रहा है। विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आकर्षक वेतन पैकेज हासिल किए। विश्वविद्यालय छात्रों को उद्योगों के अनुरूप तैयार कर रहा है, जिससे उन्हें बेहतर प्लेसमेंट मिल रहे हैं। यह बातें शुक्रवार को प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. प्रवीण भाई पटेल ने कही।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के नेतृत्व में तीन प्रमुख कंपनियों द्वारा भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई।

ऑप्टिमम वाइकिंग ड्राइव द्वारा बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स) एवं बीएससी/एमएससी (भौतिकी) के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए 2.40 से 3.00 लाख रुपये वार्षिक वेतन पर वर्चुअल माध्यम से चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें 11 विद्यार्थियों में से सात को चयन के लिए सूचीबद्ध किया गया।

जुबिलेंट फूड वर्क्स द्वारा कृषि, फूड टेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी एवं बायोटेक्नोलॉजी के 45 विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिनमें से 38 छात्रों का अंतिम चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

वहीं रियल्टी असिस्टेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 5.50 से 7.20 लाख रुपये वार्षिक वेतन पर 93 विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिनमें से 18 छात्रों का अंतिम चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

पूरे प्लेसमेंट अभियान का संचालन अंजली यादव द्वारा किया गया, जबकि डॉ. प्रवीण भाई पटेल के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सौरभ गुप्ता, प्रतीक कनौजिया एवं मानवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा संभाली गईं

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप