पोस्टर प्रस्तुति में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रोफेसर पीयूष आनंद को 11000 का नकद पुरस्कार
गोरखपुर, 16 मार्च (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में फार्मास्युटिकल साइंसेज संकाय के सहायक प्रोफेसर पीयूष आनंद को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘फार्माफ्यूचरेक्स’ में पोस्टर प्रस्तुति में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए कुलपति डॉ. सुरिंदर सिंह ने 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया है।
यह नकद पुरस्कार छात्रों, संकाय सदस्यों तथा शोधकर्ताओं के बीच अनुसंधान संस्कृति को प्रोत्साहित और मजबूत करने के उद्देश्य से कुलपति डॉ. सुरिंदर सिंह द्वारा व्यक्तिगत रूप से प्रायोजित किया गया था। एमजीयूजी परिसर में आयोजित एक विशेष समारोह में कुलपति ने फार्मास्युटिकल साइंसेज संकाय के प्रधानाचार्य डॉ. शशि कांत सिंह की उपस्थिति में औपचारिक रूप से पीयूष आनंद को पुरस्कार प्रदान किया। यह पुरस्कार पीयूष के पोस्टर अल्जाइमर रोग के प्रबंधन के लिए एसिटाइलकोलिनेस्टेरेज के विरुद्ध मैंगिफेरिन के विभिन्न मैनिच एनालॉग्स की क्षमता का इन-सिलिको मूल्यांकन के लिए प्राप्त हुआ, जिसकी वैज्ञानिक गुणवत्ता और अनुसंधान योगदान के लिए अत्यधिक सराहना की गई। फार्माफ्यूचरएक्स अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन फरवरी माह में किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय