देवरिया : टेस्टिंग के दौरान दूसरी बार टूटी पाइपलाइन, सड़क से निकला पानी का फ़व्वारा

 


देवरिया, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रुद्रपुर नगर पंचायत क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई नई पेयजल पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान लगातार दूसरे दिन पाइपलाइन टूटने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। रविवार को जमुनी चौराहे के पास टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन में अचानक लीकेज होने से सड़क पर तेज पानी का फव्वारा फूट पड़ा। काफी देर तक पानी बहने से स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

इससे एक दिन पहले गोला वार्ड में भी टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन में रिसाव मिला था। लगातार दूसरे दिन सामने आई इस समस्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि योजना पूरी होने से पहले ही पाइपलाइन में लीकेज मिलना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

नगर पंचायत द्वारा नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सभी 16 वार्डों में नई पाइपलाइन बिछाई गई है। करीब दो वर्षों से यह कार्य चल रहा था और अब जलापूर्ति शुरू करने से पहले पूरे नेटवर्क की टेस्टिंग की जा रही है। इसी दौरान विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन में लीकेज सामने आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी करोड़ों रुपये की लागत से दुग्धेश्वर नाथ वार्ड और भगोली क्षेत्र में पानी की टंकियां और सीमेंट पाइपलाइन बिछाई गई थीं, लेकिन टेस्टिंग के दौरान खामियां मिलने से वह योजना अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो सकी थी। अब नई योजना में भी शुरुआती चरण में ही पाइपलाइन टूटने-फटने से लोगों को आशंका है कि कहीं यह परियोजना भी पुराने हालात का शिकार न हो जाए।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि नियमित जलापूर्ति शुरू करने से पहले सभी वार्डों में पाइपलाइन की टेस्टिंग की जा रही है। जहां भी लीकेज मिल रहा है, वहां कार्यदायी संस्था से तत्काल मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी तकनीकी खामियां दूर होने के बाद ही नगर में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू की जाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक