कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 में पाइलिंग पूरी, निर्माण को मिली रफ्तार : प्रबंध निदेशक

 


कानपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर मेट्रो परियोजना के तहत शहर में आधुनिक और सुलभ परिवहन व्यवस्था विकसित करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्यों को पूरा करना प्राथमिकता है, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द बेहतर मेट्रो सेवाएं मिल सकें। कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन में पाइलिंग कार्य पूरा होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो आगे के निर्माण कार्यों को गति देगा। हमारी इंजीनियरिंग टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और तय समय में परियोजना को पूरा कर शहरवासियों को समर्पित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। यह बातें गुरुवार को यूपीएमआरसी प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कही।

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। लगभग 4.50 किलोमीटर लंबे इस सेक्शन की पाइलिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के इंजीनियरों ने सीएसए स्टेशन के पास अंतिम पाइलिंग कार्य को अंजाम दिया। इस पूरे सेक्शन में मेट्रो पिलरों की नींव के लिए कुल 963 पाइल्स डाली गई हैं, जो आगे बनने वाले ढांचे का आधार बनेंगी।

मेट्रो निर्माण में पाइलिंग कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसमें जमीन के भीतर गहराई तक खुदाई कर मजबूत आधार तैयार किया जाता है। इसके ऊपर पाइल कैप्स बनाकर मेट्रो पिलर खड़े किए जाते हैं। यह प्रक्रिया पूरे कॉरिडोर की मजबूती सुनिश्चित करती है।

कॉरिडोर-2 के इस एलिवेटेड सेक्शन में कुल पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें कृषि विश्वविद्यालय, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त इस कॉरिडोर में लगभग 4.10 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन भी है, जिसके टनल निर्माण का कार्य हाल ही में पूरा किया जा चुका है।

कानपुर मेट्रो के अन्य हिस्सों पर भी कार्य तेजी से जारी है। कॉरिडोर-1 के बड़े हिस्से में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं, जबकि शेष सेक्शन पर परीक्षण कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों का कहना है कि सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कर शहरवासियों को आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप