इविवि : पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के फोटोग्राफी कार्यशाला में विशेषज्ञ ने दिये टिप्स

 


प्रयागराज, 07 अप्रैल (हि.स)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में मंगलवार को फोटोग्राफी में नए-नए तकनीक और प्रयोगों से विद्यार्थियों को रूबरू कराने के उद्देश्य से फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें कैनन की तरफ से प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया।

इस अवसर पर कैनन इडिया की ओर से फोटोग्राफी विशेषज्ञ अमित सक्सेना ने विद्यार्थियों को कैमरे के शुरुआती दौर के साथ डीएसएलआर की बुनियादी बातों से परिचित कराया। उन्होंने रॉ और जेपीजी प्रारूपों के बीच का अंतर भी बताया। उन्होंने व्लॉगिंग, कैमरा उपकरण, सॉफ्टवेयर और आईएसओ, शटर स्पीड और एपर्चर जैसी प्रमुख कैमरा विशेषताओं पर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में बदलते तकनीक और कौशल के बीच सामंजस्य स्थापित करना बहुत जरूरी है। उन्होंने फोटो संपादन, रंग सुधार और बारीक विवरणों को बेहतर बनाने में एआई की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला और छात्रों को उचित तकनीकों और उपकरणों का उपयोग करके तीव्र फोकस प्राप्त करने और स्थिर फुटेज कैप्चर करने के लिए प्रशिक्षित किया। जिससे छात्रों को व्यावहारिक अनुभव के साथ फोटोग्राफी को कैरियर के रूप में अपनाने के प्रति आत्मबल मिला।

इसके पूर्व विभाग के शिक्षक डॉ. अमित शर्मा, डॉ. राम अवतार यादव, डॉ. रवि सूर्यवंशी और डॉ. हरिनाथ कुमार ने विषय विशेषज्ञ अमित सक्सेना को स्मृति चिन्ह भेंट किया। साथ ही तकनीकी सहायक योगेश कुमार का भी स्वागत किया। डॉ अमित शर्मा ने बताया कि कार्यशाला विभागाध्यक्ष अश्वजीत चौधरी के नेतृत्व में कार्यशाला आयोजित की गई और संयोजन विभाग के शिक्षक डॉ. हरिनाथ कुमार ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र