फूलों की होली एवं लट्ठमार होली के साथ निकली रंग एकादशी की शोभायात्रा
मुरादाबाद, 27 फरवरी (हि. स.)। राष्ट्रीय पर्व होली समिति के तत्वावधान में खत्री धर्मशाला से रंग एकादशी की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें राधा कृष्ण की फूलों की होली एवं लट्ठमार होली के साथ मनमोहक झांकियां शामिल रही। डीजे पर होली के गीत बजते रहे, ढोल नगाड़ों पर लोग झूमते रहे। रास्ते भर फूल और गुलाल बरसता रहा। शोभायात्रा का शुभारम्भ नगर विधायक रितेश गुप्ता ने किया।
शोभायात्रा के साथ चल रहे डीजे पर होली के गीत गूंज रहे थे। ढोल की थाप पर लोग झूमते रहे। इनके पीछे भगवान गणेश, महाकुम्भ, काली माता की झांकी एवं नृत्य, रथ पर विराजमान संस्थापक विशंभर नाथ टंडन का चित्र रहा। शिव पार्वती की झांकी एवं नृत्य, राधा कृष्ण की फूलों की झांकी, बैंड और राम दरबार की झांकी सभी को आकर्षित करती रही।
रास्ते में जनप्रतनिधियों सहित अन्य गणमान्य लोगों के गुलाल लगाकर शुभकामनाएं देते रहे। जुलूस पान दरीबा, मंडी चौक, बर्तन बाजार, चौमुखा पुल, बाजार गंज, गुरहट्टी, कोर्ट रोड,ताड़ी खाना, जीएमडी रोड, बुधबाजार चौराहा होते हुए बुधबाजार पुलिस चौकी पर जाकर कर सम्पन्न हुआ।
वहीं श्रीराम लीला समिति दीन दयाल नगर ने रंग एकादशी पर शुक्रवार को विश्व शांति यज्ञ किया गया। इसके बाद सांय को शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा का आरम्भ नगर विधायक रितेश गुप्ता ने नारियल फोड़ कर किया। शोभायात्रा पार्क से आरम्भ होकर साईं मंदिर रोड, युवा केंद्र, मधुबली, किला, रामगंगा विहार, वाणिज्य कर कार्यालय, पुलिस चौकी होते हुए पार्क पहुंचकर सम्पन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल