सीएसजेएमयू में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 52 विषयों की 880 सीटों पर होंगे दाखिले : डॉ. नमिता तिवारी
कानपुर, 02 जून (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यहां 52 विषयों की 880 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। चार विषयों में प्रवेश परीक्षा तथा 48 विषयों में नेट मेरिट के आधार पर दाखिले होंगे। विश्वविद्यालय ने वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने के साथ आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की है।
यह जानकारी मंगलवार को डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट डॉ. नमिता तिवारी ने दी। उन्हाेंने बताया कि सीएसजेएमयू ने सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से 52 विषयों में कुल 880 शोध सीटें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें 231 सीटें विश्वविद्यालय परिसर और 649 सीटें संबद्ध महाविद्यालयों के लिए निर्धारित हैं।
डॉ. नमिता तिवारी ने बताया कि मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (एमएलटी), फिजियोथेरेपी, फार्मेसी और कृषि विषयों में विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर प्रवेश होगा, जबकि शेष 48 विषयों में नेट मेरिट के आधार पर दाखिले दिए जाएंगे। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष हिंदी, शिक्षक शिक्षा, भौतिकी, अंग्रेजी, प्राणी विज्ञान, गणित, राजनीति विज्ञान, वनस्पति विज्ञान समेत विभिन्न विषयों में बड़ी संख्या में शोध सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। विश्वविद्यालय ने पहली बार वर्किंग प्रोफेशनल्स और इंडस्ट्री स्पॉन्सर्ड अभ्यर्थियों के लिए लगभग 10 प्रतिशत सीटें प्रस्तावित की हैं।
पीएचडी पाठ्यक्रम का कोर्सवर्क हाइब्रिड मोड में संचालित करने का प्रस्ताव है, जबकि परीक्षाएं और मूल्यांकन ऑफलाइन माध्यम से होंगे। इसके अलावा प्रवेश प्रक्रिया और शोध संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय ने ‘व्यास एआई असिस्टेंट’ भी शुरू किया है, जो अभ्यर्थियों को 24 घंटे डिजिटल सहायता प्रदान करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप