अतर्रा पीजी कॉलेज की छात्राओं को अंतरराज्यीय रस्सा कसी प्रतियोगिता में शामिल होने को करना पड़ रहा संघर्ष
आरपी रिछारिया कॉलेज प्रबंध समिति और बुवि के खेल अधिकारी सूरज कंसाना पर लगाए आरोप
अभाविप के हस्तक्षेप के बाद प्रतियोगिता में जाने की जागी उम्मीद
झांसी, 31 मार्च (हि.स.)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक खेल को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं। इसके इतर अतर्रा स्थित पीजी कॉलेज की रस्साकसी टीम की छात्राओं को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। बीते दिनों आरपी रिछारिया कॉलेज में आयोजित अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में अतर्रा पीजी कॉलेज की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस जीत के साथ ही उन्होंने आगामी 06 अप्रैल को यूनिवर्सिटी ऑफ कालिकट में होने वाली अंतरराज्यीय विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मार्ग भी प्रशस्त किया। लेकिन कॉलेज प्रबंध समिति और बुवि के खेल अधिकारी उन्हें लगातार गुमराह करने में जुटे हैं। झांसी पहुंची टीम की छात्राओं ने मंगलवार को अभाविप को अपनी समस्या सुनाई। अब अभाविप के हस्तक्षेप के बाद प्रतियोगिता में शामिल होने की उनकी आस जगी है।
अतर्रा पीजी कॉलेज की छात्राओं की टीम मंगलवार को झांसी पहुंची। उन्होंने अभाविप के विभाग संगठन मंत्री से भेंट करते हुए अपनी पूरी समस्या बताई और ज्ञापन दिया। 31 मार्च तक भी छात्राओं को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने को लेकर कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिल सकी है। आरोप है कि आरपी रिछारिया कॉलेज की प्रबंध समिति और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी सूरज कंसाना द्वारा लगातार छात्राओं को गुमराह किया जा रहा है। इससे परेशान छात्राओं को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, लेकिन न तो कॉलेज प्रशासन और न ही बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से कोई संतोषजनक जवाब मिल रहा है।
इस मामले को लेकर छात्राओं ने बांदा जिलाधिकारी को भी ज्ञापन दिया है। साथ ही प्रदेश के खेल मंत्री और मुख्यमंत्री को ईमेल के माध्यम से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) झांसी के विभाग संगठन मंत्री निर्भय प्रताप से संपर्क किया।
एबीवीपी के हस्तक्षेप के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. ज्ञानेंद्र शुक्ला और डिप्टी रजिस्ट्रार सुनील सेन से मुलाकात कर समस्या रखी। उन्होंने मांग की कि छात्राओं को प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर दिलाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो एबीवीपी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस मामले में डिप्टी रजिस्ट्रार ने छात्राओं को प्रतियोगिता में भिजवाने का आश्वासन भी दिया है।
इस दौरान विभाग संगठन मंत्री निर्भय प्रताप, राहुल सिंह,खुशी तिवारी, अंजू देवी, मनाश्वी,ज्योति देवी,मंजू देवी, बीनो,रेशमा,सूर्य सिंह,शनि शर्मा,आयुष्मान, लवकुश पटेल उपस्थित रहे। कई छात्राएं और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया