परमट में जलभराव का जल्द हो स्थायी समाधान : अमिताभ बाजपेयी
कानपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। परमट क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए और प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिले। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें शनिवार को आर्यनगर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने शनिवार को नगर निगम, जल निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का जायजा लेने के दौरान कहीं।
बरसात के मौसम में परमट के कई हिस्सों में जलभराव की शिकायतें मिलने के बाद विधायक अमिताभ बाजपेयी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर जलभराव के कारणों, जलनिकासी व्यवस्था और सीवर नेटवर्क की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्या के मूल कारणों को चिन्हित कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार की जाए।
विधायक ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव से स्थानीय लोगों को आवागमन, व्यापार और दैनिक जीवन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्य शुरू करें, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी इंतजामों से काम नहीं चलेगा, बल्कि भविष्य में जलभराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और दीर्घकालिक व्यवस्था की जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विधायक को जलनिकासी व्यवस्था में सुधार के लिए प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। विधायक ने निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और उनकी नियमित निगरानी भी की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस मौके पर कीर्ति अग्निहोत्री, सुरभित जायसवाल, सचिन यादव, राजेश कन्नौजिया सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने भी जलभराव से जुड़ी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप