सांस्कृतिक केन्द्र में हुआ नृत्य नाटिका ‘मातंग कन्या’ का मंचन
-शशांक पाण्डेय ‘आलोक रंग सम्मान’ से हुए सम्मानित
प्रयागराज, 06 जून (हि.स)। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के प्रेक्षागृह में शनिवार को विनोद रस्तोगी स्मृति संस्थान एवं नृत्यम, प्रयागराज द्वारा नृत्य नाटिका ‘मातंग कन्या’ का मनोहारी मंचन किया गया।
गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की कालजयी रचना ‘चंडालिका’ पर आधारित इस प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। बता दें कि, यह कार्यक्रम एनसीजेडसीसी की प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत मंचित किया गया।
विनोद रस्तोगी स्मृति संस्थान के अध्यक्ष अभिलाष नारायण ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान रंगमंच के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए युवा कलाकार शशांक पाण्डेय को ‘आलोक स्मृति रंग सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। आलोक रस्तोगी की स्मृति में युवा कलाकारों को प्रोत्साहन स्वरूप दिए गए इस सम्मान के तहत शशांक को सम्मान पत्र और 5000 की धनराशि प्रदान की गई।
निर्देशिका सायोनी भट्टाचार्य के निर्देशन में सजी इस नृत्य नाटिका में समाज में व्याप्त जाति-भेद और मानवीय गरिमा के संदेश को बेहद कलात्मक रूप से उभारा गया। मंच पर मुख्य कलाकारों ने अपने अभिनय और नृत्य से चंडाल कन्या ‘प्रकृति’, उसकी माँ ‘माया’ और बौद्ध भिक्षु ‘आनंद’ के चरित्रों को साकार कर दिया।
मंच पर मुख्य भूमिकाओं में अजय मुखर्जी, सायोनी भट्टाचार्य व अहोना भट्टाचार्य रहे। इसके साथ ही सह-कलाकारों के रूप में दिव्यांश, अंतरा, मनस्वी, अंशिका, प्रतीक, आदित्य, अनुश्रवी, उत्कर्ष, यशस्वी, आख्या, अन्वेषा, मुद्रिका, शिवालिका, दृश्या और गजेंद्र ने अपनी उपस्थिति से समां बांध दिया।
नाटक का प्रकाश पक्ष सुजॉय घोषाल व शशांक पाण्डेय का रहा। कार्यक्रम के अंत में संस्था के पदाधिकारियों ने उपस्थित प्रबुद्धजन, दर्शकों सहित मीडिया का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र