प्रयागराज : तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत

 

ननिहाल में आए दोनों बच्चे खेलते-खेलते गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

प्रयागराज, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित थरवई थाना क्षेत्र के कटियाही गांव में रविवार को तालाब में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि थरवई थाना क्षेत्र के कटियाही गांव में दो बच्चों के तालाब में डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते तालाब के किनारे पहुंचे थे और गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मृतकों की पहचान सचिन यादव (12 वर्ष) और उसकी बहन मधु यादव (10 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे मूल रूप से उतरांव थाना क्षेत्र के बलकसराय गांव के निवासी थे और कुछ दिन पहले अपने नाना के घर कटियाही गांव आए हुए थे।

रविवार को दोनों बच्चे घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान वे तालाब के पास पहुंच गए और खेलते-खेलते गहरे पानी में चले गए। काफी देर तक दोनों के दिखाई न देने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को आशंका हुई कि बच्चे तालाब की ओर गए थे। इसके बाद तालाब में तलाश की गई, जहां दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल